कलेक्टर का समिति प्रबंधको से स्पष्ट निर्देश, नियमों के सख्त पालन करें, खराब व पुराना धान नहीं खरीदें – Samachar Meri Pehchan

धान खरीदी केंद्रों का कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने किया औचक निरीक्षण

सारंगढ़–बिलाईगढ़ :- कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम कोतरी, हरदी एवं भेड़वन स्थित धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही धान खरीदी की जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोतरी धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान किसान कृष्ण कुमार केशरवानी द्वारा लाए गए धान की जानकारी ली गई। किसान ने बताया कि वे लगभग 50 एकड़ भूमि के कृषक हैं और दूसरे टोकन के अंतर्गत करीब 900 कट्टे धान लेकर केंद्र पहुंचे हैं। मंडी प्रभारी ने बताया कि आज कुल 19 किसानों के टोकन काटे गए हैं तथा तौल व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बड़े किसानों का फिजिकल सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के बाद ही टोकन काटे जाएं। साथ ही जितनी मात्रा में धान का विक्रय किया जाए, उसके अनुरूप किसानों का रकबा समर्पण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खराब गुणवत्ता, बदरा युक्त अथवा पुराना धान किसी भी स्थिति में खरीदी नहीं किया जाएगा। यदि खराब धान पाया जाता है तो पंचनामा बनाकर उसे वापस करने की कार्यवाही की जाए।

इसके पश्चात कलेक्टर ने हरदी धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि आज 49 टोकन काटे गए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि छोटे किसानों का भी फिजिकल सत्यापन कराने के उपरांत ही धान खरीदी की जाए तथा किसानों का धान ढेरी लगाकर सत्यापन के बाद ही तौल की प्रक्रिया पूरी की जाए। हरदी केंद्र में पहुंचे किसान वेदराम ने बताया कि वे लगभग 7 एकड़ भूमि के किसान हैं और 90 क्विंटल धान विक्रय के लिए लाए हैं। उन्होंने बताया कि मोबाइल के माध्यम से टोकन काटा गया है तथा तौल सही तरीके से की जा रही है।

कलेक्टर ने भेड़वन धान खरीदी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां किसान श्यामलाल जनकराम ने बताया कि वे लगभग डेढ़ एकड़ भूमि के किसान हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पटवारी द्वारा घर पर फिजिकल सत्यापन के बाद ही टोकन काटने की सूचना दी गई तथा केंद्र में गुणवत्ता के अनुसार धान खरीदी की जा रही है।

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी की प्रक्रिया पारदर्शी, नियमबद्ध और किसानों के हित में सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे। निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी गणेश कुर्रे भी उपस्थित रहे।

Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Misses Section

error: Content is protected !!
Skip to content